महंगा होगा किराया, तत्काल टिकट के लिए जरूरी होगा आधार, जुलाई में बदल जाएंगे रेलवे के ये 3 नियम

भारतीय रेल अपने रेवेन्यू पर फोकस करते हुए किराये में बढ़ोतरी भी करने जा रही है। ये सभी बदलाव जुलाई से लागू हो जाएंगे। आइए जानते हैं।

Indian Railways New Rules: ट्रेन में यात्रा करने वाले करोड़ों लोगों के लिए जुलाई से बेहद अहम और बड़े बदलाव होने जा रहे हैं। भारतीय रेल यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए तत्काल टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव करने जा रही है। इसके साथ ही, भारतीय रेल अपने रेवेन्यू पर फोकस करते हुए किराये में बढ़ोतरी भी करने जा रही है। ये सभी बदलाव जुलाई से लागू हो जाएंगे। आइए जानते हैं।

ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग सिस्टम में बदलाव

भारतीय रेल ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग में होने वाली धांधली के लिए नियमों में बदलाव कर रही है। 1 जुलाई से ऑनलाइन तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य हो जाएगा। जो यात्री आईआरसीटीसी के मोबाइल ऐप और वेबसाइट से ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं, उन्हें अपने आईआरसीटीसी अकाउंट को आधार के साथ ऑथेंटिकेट करना होगा। नए नियम लागू होने के बाद सिर्फ उन्हीं अकाउंट से तत्काल टिकट बुक की जा सकेगी, जो आधार-वेरिफाइड होंगे।

काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने के लिए अनिवार्य होगा ओटीपी ऑथेंटिकेशन

ऑनलाइन तत्काल टिकट की मारामारी के साथ ही ऑफलाइन तत्काल टिकट के लिए काफी जद्दोजहद होती आई है। ऐसे में रेलवे काउंटर से बुक किए जाने वाले तत्काल टिकट के लिए भी नियम बदल रही है। 15 जुलाई से लागू हो रहे नए नियमों के तहत, रेलवे काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने के लिए ओटीपी ऑथेंटिकेशन की जरूरत होगी। 15 जुलाई से जब आप रेलवे काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने जाएंगे तो आपके फोन नंबर पर एक ओटीपी आएगा। आपके मोबाइल पर आए ओटीपी को सिस्टम पर फीड करने के बाद ही आपकी टिकट बुक होगी।

1 जुलाई से बढ़ जाएगा ट्रेन का किराया

1 जुलाई से टिकट की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। हालांकि, इस बढ़ोतरी का कुछ खास असर नहीं पड़ेगा। किराये में बढ़ोतरी लागू होने के बाद एसी क्लास में सफर के लिए प्रत्येक किमी पर 2 पैसे एक्स्ट्रा चार्ज किया जाएगा। इसी तरह, स्लीपर क्लास के लिए प्रत्येक किमी पर 1 पैसा एक्स्ट्रा चार्ज किया जाएगा। जनरल क्लास और एमएसटी के लिए 500 किमी से कम दूरी वाली यात्रा के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। अगर, जनरल क्लास और एमएसटी से 500 किमी से ज्यादा दूरी की यात्रा की जाती है तो प्रत्येक किमी के लिए 0.50 पैसा एक्स्ट्रा चार्ज करना होगा।

Source : https://www.indiatv.in/paisa/my-profit/indian-railways-new-rules-travel-ticket-fares-will-be-expensive-aadhaar-will-be-necessary-for-tatkal-bookings-2025-06-25-1144987

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *