FASTag यूजर्स ध्यान दें! NHAI ने वाहनों के लिए KYV प्रोसेस को बनाया आसान; जानिए आपके लिए क्या बदलेगा?

अब आपको सिर्फ गाड़ी की आगे की एक फोटो अपलोड करनी होगी, बाकी जानकारी सिस्टम अपने आप RC से ले लेगा. जिन यूजर्स ने अभी तक KYV पूरा नहीं किया है, उनकी सर्विस बंद नहीं की जाएगी.

NHAI : नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने FASTag यूजर्स के लिए Know Your Vehicle (KYV) प्रक्रिया को आसान बना दिया है. अब वाहन की साइड फोटो अपलोड करने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि सिस्टम सीधे वहां डाटाबेस से वाहन की जानकारी अपने आप ले लेगा. जिन यूजर्स ने अभी तक KYV पूरा नहीं किया है, उनकी सर्विस बंद नहीं की जाएगी. बैंकों को भी ग्राहकों की मदद करने के निर्देश दिए गए हैं.

KYV नीति लागू होने से पहले जारी किए गए FASTag सक्रिय रहेंगे, जब तक कोई समस्या नहीं आती. यूजर्स को SMS के जरिए KYV पूरी करने की याद दिलाई जाएगी. अगर किसी को प्रक्रिया में दिक्कत आती है, तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग हेल्पलाइन 1033 पर संपर्क कर सकते हैं.

क्या होगा बदलाव?

अब सिर्फ गाड़ी की आगे की फोटो, जिसमें FASTag और नंबर प्लेट साफ दिखे, अपलोड करनी होगी. जब आप वाहन नंबर, चेसिस नंबर या मोबाइल नंबर डालेंगे, तो सिस्टम अपने आप वाहन डाटाबेस से आपकी गाड़ी की RC डिटेल्स निकाल लेगा. अगर किसी मोबाइल नंबर पर एक से अधिक वाहन रजिस्टर्ड हैं, तो यूजर चुन सकता है कि किस वाहन का KYV पूरा करना है. KYV पॉलिसी लागू होने से पहले जारी किए गए FASTag टैग्स सक्रिय रहेंगे, जब तक उनके गलत इस्तेमाल या ढीले लगने की शिकायत नहीं मिलती. साथ ही, बैंक यूजर्स को SMS के जरिए KYV पूरा करने की याद दिलाएंगे.

KYV क्या है?
 

KYV (Know Your Vehicle) एक जरूरी प्रक्रिया है जो हर FASTag यूजर को पूरी करनी होती है. इसमें आपको अपने वाहन और FASTag से जुड़ी कुछ तस्वीरें अपलोड करनी होती हैं, ताकि ये सुनिश्चित किया जा सके कि FASTag सही वाहन नंबर पर और सही जगह (विंडस्क्रीन पर) लगाया गया है. नियमों के अनुसार, KYV की वैधता तीन साल तक होती है. तीन साल बाद Re-KYV करना होगा, यानी फिर से तस्वीरें अपलोड करनी पड़ेंगी.

FASTag क्या है?

FASTag एक ऐसा उपकरण है जो RFID (Radio Frequency Identification) तकनीक पर काम करता है. इसकी मदद से टोल टैक्स सीधे आपके प्रीपेड अकाउंट से कट जाता है. इसे वाहन की विंडस्क्रीन (फ्रंट शीशे) पर लगाया जाता है, जिससे आप टोल प्लाजा पर बिना रुके गुजर सकते हैं. इससे नकद भुगतान करने की जरूरत नहीं होती है.

Source: https://zeenews.india.com/hindi/business/fastag-nhai-streamlines-know-your-vehicle-procedure-to-improve-customer-experience/2982911

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *