Ghee Price : जीएसटी घटने पर 30 रुपये सस्‍ता हुआ था दिग्‍गज ब्रांड का घी, कंपनी ने अब 90 रुपये बढ़ा दिया दाम

Ghee Retail Price : जीएसटी घटने के बाद देश के सभी दिग्‍गज डेयरी ब्रांड ने अपनी खुदरा कीमतों को घटा दिया था. इससे घी की कीमतों में भी बड़ी कटौती हुई थी, लेकिन अब कंपनियां दोबारा दाम बढ़ाने लगी हैं.

नई दिल्‍ली. सरकार ने घरेलू उपयोग वाली कई जरूरी चीजों पर जीएसटी की दरें घटाकर आम आदमी को बड़ी राहत दी थी. जीएसटी परिषद ने 22 सितंबर, 2025 से जीएसटी की कम दरों को लागू करके त्‍योहारी सीजन में लोगों को बड़ी सौगात दी थी, लेकिन इसका लाभ मिले अभी डेढ़ महीना भी नहीं बीता कि कंपनियों ने अपने प्रोडक्‍ट की कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी. डेयरी प्रोडक्‍ट भी जीएसटी कम होने से सस्‍ता हुआ था. इसका असर घी की खुदरा कीमतों पर भी पड़ा था, लेकिन अब कंपनी ने इसके दाम जीएसटी घटने से जितना सस्‍ता हुआ था, उससे तीन गुना ज्‍यादा बढ़ा दिया है.

हम बात कर रहे हैं कर्नाटक के सबसे बड़े डेयरी ब्रांड नंदिनी की. इस कंपनी के घी का मूल्‍य जीएसटी कम होने के बाद 30 रुपये घट गया था. अब कंपनी ने इसकी कीमतों में 90 फीसदी एकमुश्‍त बढ़ोतरी कर दी है. जाहिर है कि जो बचत जीएसटी घटने से हुई थी, उससे तीन गुना ज्‍यादा बोझ अब आम आदमी की जेब पर पड़ेगा. कंपनी ने इसके पीछे अपनी लागत बढ़ने का कारण बताया है.

अब कितना हो गया दाम
कर्नाटक दुग्ध महासंघ (केएमएफ) ने नंदिनी घी की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर बढ़ाने की घोषणा की है. अब उपभोक्ताओं को इसके लिए 700 रुपये प्रति लीटर चुकाने होंगे. केएमएफ के अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती लागत के कारण यह निर्णय लिया गया है. उन्‍होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भी, मांग के कारण कीमतें बढ़ रही हैं. हमारे घी के दाम सबसे कम दरों में से हैं और वैश्विक बाजार के रुझानों के अनुरूप ढलने एवं आर्थिक व्यवहार्यता बनाए रखने के लिए यह बढ़ोतरी जरूरी है.

जीएसटी घटने पर कितना हो गया था मूल्‍य
त्‍योहारी सीजन से पहले जब 22 सितंबर को देशभर में जीएसटी की घटी हुई दरें लागू की गई थीं, तब नंदिनी घी की कीमत प्रति लीटर 640 रुपये थी. जीएसटी घटने के बाद यह कीमत 30 रुपये और कम होकर महज 610 रुपये लीटर हो गई. अब कंपनी ने एकसाथ 90 रुपये बढ़ाने का फैसला किया है तो इस ब्रांड का घी पूरे 700 रुपये लीटर बिकने लगा है. लोगों का कहना है कि कंपनी अपने अन्‍य डेयरी प्रोडक्‍ट की कीमत भी जल्‍द ही बढ़ा सकती है.

अन्‍य कंपनियों के घी की क्‍या कीमत

मदरी डेयरी का सामान्‍य घी 641 रुपये लीटर बिक रहा है.

अमूल का घी पहले 650 रुपये लीटर था, जीएसटी घटने के बाद 610 रुपये लीटर हो गया.

सरस घी का दाम अक्‍टूबर में 30 रुपये बढ़ने के बाद 581 रुपये लीटर हो गया है.

पतंजलि का सामान्‍य घी 650 से 700 रुपये लीटर खुदरा कीमत पर बिक रहा है.

Source: https://hindi.news18.com/news/business/latest-dairy-brand-nandini-hike-ghee-reatil-price-by-rs-90-now-700-per-liter-ws-kl-9821541.html

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *